रामगढ़, 04 नवंबर: राधा गोविन्द शिक्षा एवं स्वास्थ्य संस्था परिवार की ओर से मीडिया जगत में एक नई पहल करते हुए दैनिक समाचार पत्र एवं डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म ‘राधा गोविन्द संवाद’ का शुभारंभ 5 नवंबर 2026 को किया जाएगा। इस अवसर पर रामगढ़ स्थित राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में पूर्वाह्न 11 बजे भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित होगा।
संस्था के चेयरमैन बी.एन.शाह ने कहा कि ‘राधा गोविन्द संवाद’ का उद्देश्य आम लोगों तक निष्पक्ष, सटीक और विश्वसनीय समाचार पहुंचाना है। यह समाचार पत्र पाठकों के सामने बिना किसी पक्षपात के समाचार साझा करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल पत्रकारिता के मूल्यों को प्राथमिकता देते हुए समाज के विभिन्न मुद्दों और जनहित से जुड़े विषयों को प्रमुखता से सामने लाएगी।
दैनिक समाचार पत्र के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी पाठकों और दर्शकों तक समाचार पहुंचाए जाएंगे। संस्था परिवार की ओर से इस शुभारंभ समारोह में गणमान्य अतिथियों, प्रबुद्धजनों एवं शुभचिंतकों को आमंत्रित किया गया है।
कार्यक्रम राधा गोविन्द विश्वविद्यालय ऑडिटोरियम, ललकी घाटी, राधा गोविन्द नगर, रामगढ़ में आयोजित होगा। संस्था परिवार ने सभी आमंत्रित लोगों से समारोह में शामिल होकर इस नई पहल का साक्षी बनने की अपील की है।