रामगढ़, 05 नवंबर: दीपावली और धनतेरस के दौरान शहर में बढ़ने वाली भीड़ और जाम की समस्या से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की ने रामगढ़ शहर में भारी एवं मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया है।
प्रशासन के अनुसार, 6 नवंबर से 8 नवंबर 2026 तक प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 1 बजे तक शहर में ट्रकों, बसों और सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
इस दौरान शनिचरा हाट से थाना चौक तक दोनों ओर, पटेल चौक से रांची रोड तक दोनों ओर तथा बंजारी से सुभाष चौक तक दोनों ओर भारी एवं मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी ने ट्रैफिक पुलिस को नो-एंट्री का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया है। साथ ही ऑटो एवं अन्य सवारी वाहनों की अवैध पार्किंग पर रोक लगाने को कहा गया है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में निगरानी बढ़ाने और प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे जारी यातायात व्यवस्था का पालन करें और त्योहार के दौरान सुगम आवागमन बनाए रखने में सहयोग करें।