त्योहारों से पहले रामगढ़ में मिठाई दुकानों और होटलों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, छह नमूने जांच के लिए भेजे गए

Spread the News

टायर मोड़ से सुभाष चौक तक चला औचक जांच अभियान, दुकानदारों को साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश

रामगढ़, 05 नवंबर: आगामी त्योहारों के मद्देनजर आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रामगढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई दुकानों और होटलों में औचक जांच अभियान चलाया। उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डेरिक तिग्गा के नेतृत्व में टायर मोड़ से सुभाष चौक तक विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।

जांच अभियान के दौरान होटल सैनी, संतुष्टि स्वीट्स, श्रवण होटल, आरके ढाबा, मिलन होटल, उमेश स्वीट्स, भगवान स्वीट्स, मारवाड़ी होटल, प्रिया स्वीट्स, शालीमार स्वीट्स, पूनम स्वीट्स, विष्णु स्वीट्स, खुशबू स्वीट्स, राज कुमार मुकेश कुमार मिठाई दुकान एवं दुर्गा होटल का निरीक्षण किया गया।

इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई तथा खाद्य सुरक्षा से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। अभियान के तहत तीन प्रतिष्ठानों से मिठाई के छह नमूने संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य सुरक्षा प्रयोगशाला भेजे गए। इनमें मारवाड़ी होटल, सुभाष चौक से काजू बर्फी और गोंद के लड्डू, शालीमार स्वीट्स से मिल्क केक और बेसन के लड्डू तथा पूनम स्वीट्स से पेड़ा और गोंद के लड्डू के नमूने लिए गए।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने सभी प्रतिष्ठान संचालकों को दुकानों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा मिठाइयों के निर्माण और भंडारण में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। साथ ही एक्सपायर्ड सामग्री का उपयोग नहीं करने तथा प्रतिबंधित सामग्री एवं पेय पदार्थों से संबंधित नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान मिलावट और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिले में जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डेरिक तिग्गा एवं खाद्य सुरक्षा कार्यालय के लुकेश रवानी उपस्थित थे।