जनता की आवाज बनेगा ‘राधा गोविन्द संवाद’ : मंत्री योगेंद्र महतो
रामगढ़, 05 नवंबर: राधा गोविन्द शिक्षा एवं स्वास्थ्य संस्था परिवार की ओर से गुरुवार को राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में ‘राधा गोविन्द संवाद’ दैनिक समाचार पत्र एवं डिजिटल न्यूज पोर्टल का भव्य लोकार्पण किया गया। समारोह में शिक्षा, समाज, पत्रकारिता और जनसरोकार से जुड़े कई गणमान्य लोगों की उपस्थिति में पत्रकारिता के एक नए अध्याय का शुभारंभ हुआ।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मंगलाचरण के साथ हुआ। मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो, राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी.एन. साह, सचिव प्रियंका कुमारी एवं अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दैनिक समाचार पत्र और डिजिटल न्यूज पोर्टल का लोकार्पण किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, समाचार पत्र के संपादक अमरकांत, आरजी संवाद के डिजिटल टीम से प्रोफेसर संजय प्रसाद सिंह, रितेश कश्यप, संतोष सिंह सहित संस्थान के पदाधिकारी, शिक्षाविद्, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि ने स्वागत भाषण में कहा कि शिक्षा और पत्रकारिता किसी भी समाज के विकास के महत्वपूर्ण आधार हैं। पत्रकारिता केवल समाचारों के संकलन और प्रसारण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनसमस्याओं को सामने लाने, समाज को जागरूक करने और सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम है।
मुख्य अतिथि मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता को चौथा स्तंभ माना जाता है। एक सशक्त समाचार माध्यम समाज की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और आम लोगों को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ‘राधा गोविन्द संवाद’ की शुरुआत सराहनीय पहल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह समाचार पत्र ग्रामीण क्षेत्रों, युवाओं, किसानों, महिलाओं और समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज बनेगा तथा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगा।
कुलाधिपति बीएन साह ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ और समाज का आईना है। ‘राधा गोविन्द संवाद’ का उद्देश्य शिक्षा, समाज और जनसरोकार से जुड़ी सकारात्मक खबरों को जन-जन तक पहुंचाना तथा पत्रकारिता के उच्च आदर्शों को स्थापित करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह समाचार पत्र और डिजिटल मंच सामाजिक जागरूकता एवं सकारात्मक बदलाव का माध्यम बनेगा।
समारोह में विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी, कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार, प्राचार्य डॉ. सुजीत कुमार मोहंती, सोमा पांडेय, सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. संजय पांडेय एवं डॉ. अमरेश पांडेय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल ने किया। मौके पर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।