ट्रंप को चुनावी झटका, ओबामा बोले- अमेरिकी जनता ने एकजुट करने वाली राजनीति का दिया संदेश

Spread the News

अमेरिका के मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी ने सीनेट और प्रतिनिधि सभा में हासिल किया बहुमत, ओबामा ने पार्टी नेताओं से जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की अपील की

वाशिंगटन, 05 नवंबर: अमेरिका में हुए मध्यावधि चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा झटका लगा है। डेमोक्रेटिक पार्टी ने सीनेट और प्रतिनिधि सभा दोनों में बहुमत हासिल कर लिया है। चुनाव परिणामों के बाद पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अमेरिकी जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वह देश को बांटने के बजाय एकजुट करने वाली राजनीति चाहती है।

ओबामा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा कि अमेरिकी नागरिक ऐसी राजनीति चाहते हैं, जो लोगों को आपस में जोड़ने का काम करे, न कि उन्हें विभाजित करे। साथ ही जनता ऐसे नेतृत्व की अपेक्षा करती है, जो उनकी चुनौतियों का ठोस समाधान प्रस्तुत कर सके।

उन्होंने कहा कि डेमोक्रेटिक पार्टी की यह सफलता देश के अलग-अलग हिस्सों में उम्मीदवारों के प्रयास, सार्वजनिक सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और साझा मूल्यों में विश्वास का परिणाम है। ओबामा ने चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में योगदान देने वाले चुनाव अधिकारियों और स्वयंसेवकों का भी आभार जताया।

ओबामा ने डेमोक्रेटिक नेताओं को जीत के बाद जिम्मेदारी निभाने की नसीहत देते हुए कहा कि अब काम करने का समय है। जहां भी पार्टी के पास बदलाव करने की शक्ति है, वहां जनता के हित में काम करना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि प्रशासन के पास अभी दो साल का कार्यकाल शेष है। ऐसे में पार्टी को भविष्य की तैयारी के साथ देश को और नुकसान से बचाने की दिशा में भी प्रयास करना होगा।

गौरतलब है कि इस चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी ने टेक्सास, साउथ कैरोलिना, कंसास और अन्य राज्यों में महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। इससे अमेरिकी संसद में रिपब्लिकन पार्टी का नियंत्रण समाप्त हो गया है। हालांकि, इस चुनाव परिणाम से राष्ट्रपति पद में तत्काल कोई बदलाव नहीं होगा और डोनाल्ड ट्रंप जनवरी 2029 तक राष्ट्रपति बने रहेंगे। नई कांग्रेस जनवरी 2027 से कार्यभार संभालेगी।