त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, मिठाइयों के नमूने जांच के लिए भेजे

Spread the News

तीन होटलों से रसगुल्ला, गुलाब जामुन और कलाकंद के सैंपल संग्रहित, दो दुकानों से वसूला गया जुर्माना

रामगढ़, 04 नवंबर: आगामी त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में औचक जांच अभियान चलाया। उपायुक्त ऋतुराज के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अदिति सिंह एवं डेरिक तिग्गा ने नया मोड़ और कुजू क्षेत्र के विभिन्न होटलों एवं मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया।

इस दौरान होटल ठाकुर, होटल प्रकाश चंद्र, रामविलास होटल, जय श्री श्याम स्वीट्स एवं होटल गोविंद साव की जांच की गई। निरीक्षण के क्रम में रसगुल्ला, गुलाब जामुन एवं कलाकंद के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य सुरक्षा प्रयोगशाला भेजे गए। वहीं, बिना खाद्य सुरक्षा लाइसेंस के प्रतिष्ठान संचालित करने और हानिकारक रंगों के इस्तेमाल से संबंधित अनियमितताएं पाए जाने पर दो दुकानों से एक-एक हजार रुपये का आर्थिक जुर्माना वसूला गया।

इसके अलावा खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों ने बोंगबार स्थित शिव रुद्र इंटरप्राइजेज का भी निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों के खाद्य सुरक्षा से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई।

अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को दुकानों एवं होटलों में साफ-सफाई बनाए रखने, एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री का उपयोग नहीं करने तथा प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों एवं पेय पदार्थों का भंडारण और इस्तेमाल नहीं करने का निर्देश दिया।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, शुद्धता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए जिले में औचक जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।