रामगढ़ में होमगार्ड बहाली परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, 996 अभ्यर्थियों ने लिया हिस्सा

Spread the News

रामगढ़ प्रखंड और शहरी गैर-तकनीकी क्षेत्र के पुरुष अभ्यर्थियों की हुई शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन परीक्षा

रामगढ़, 04 नवंबर: जिले में गृह रक्षा वाहिनी बहाली के तहत सिद्धू-कान्हू मैदान में आयोजित शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा मंगलवार को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। इस दौरान रामगढ़ प्रखंड एवं शहरी गैर-तकनीकी क्षेत्र के पुरुष अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।

जिला प्रशासन के अनुसार, रामगढ़ प्रखंड के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए कुल 490 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था। इनमें से 298 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 192 अनुपस्थित रहे। वहीं, शहरी गैर-तकनीकी क्षेत्र के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित 1,251 अभ्यर्थियों में से 698 ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 553 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

इस प्रकार दोनों क्षेत्रों को मिलाकर कुल 1,741 अभ्यर्थियों में से 996 उपस्थित हुए, जबकि 745 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए।

बहाली प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से परीक्षा स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास, अनुशासन और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखी गई। परीक्षा स्थल पर केवल अभ्यर्थियों को प्रवेश की अनुमति दी गई। वहीं, परीक्षा केंद्र के अंदर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध रहा।

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, आज 4 नवंबर को शहरी गैर-तकनीकी क्षेत्र एवं रामगढ़ प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा आयोजित की जाएगी। जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपनी निर्धारित तिथि एवं समय की जानकारी प्राप्त कर समय पर परीक्षा स्थल पहुंचने तथा सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।