यूजीसी-नेट दिसंबर 2026: आवेदन में सुधार का मौका, 4 नवंबर रात 11:50 बजे तक खुली रहेगी करेक्शन विंडो

Spread the News

नई दिल्ली, 03 नवंबर: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (UGC-NET) दिसंबर 2026 के लिए आवेदन सुधार की सुविधा शुरू कर दी है। जिन अभ्यर्थियों ने परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन किया है और उनके फॉर्म में किसी प्रकार की त्रुटि रह गई है, वे 4 नवंबर 2026 तक उसमें सुधार कर सकते हैं। सुधार की सुविधा आधिकारिक वेबसाइट पर रात 11:50 बजे तक उपलब्ध रहेगी।

एनटीए के अनुसार, अभ्यर्थी अपने आवेदन में निर्धारित व्यक्तिगत विवरणों में संशोधन कर सकते हैं। इस बार उम्मीदवारों को अपने नाम, पिता के नाम और माता के नाम में से किसी एक विवरण को सुधारने की अनुमति दी गई है। हालांकि, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी, स्थायी एवं वर्तमान पता, फोटो और हस्ताक्षर में बदलाव की अनुमति नहीं है।

अभ्यर्थियों को सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर जाना होगा। इसके बाद दिसंबर 2026 करेक्शन विंडो के लिंक पर क्लिक कर अपने आवेदन संख्या और पासवर्ड के माध्यम से लॉगिन करना होगा। आवेदन फॉर्म में उपलब्ध संशोधन विकल्प के अनुसार जरूरी सुधार कर फॉर्म सबमिट करना होगा। संशोधित आवेदन का कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।

यूजीसी-नेट परीक्षा के माध्यम से अभ्यर्थियों की पात्रता जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ), विश्वविद्यालयों एवं कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर तथा पीएचडी में प्रवेश के लिए निर्धारित की जाती है। एनटीए ने अभ्यर्थियों को अंतिम समय की प्रतीक्षा किए बिना निर्धारित अवधि में सुधार प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी है।