पीवीयूएनएल पतरातू के सहयोग से शुरू हुई पहल, पीएम विश्वकर्मा योजना के 18 प्रशिक्षुओं को मिले प्रमाण पत्र
रामगढ़, 03 नवंबर: जिला प्रशासन की महत्वाकांक्षी हुनर परियोजना के तहत आईटीआई गोला में सीएनसी मशीनिस्ट प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया। पीवीयूएनएल पतरातू के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में मांडू विधायक निर्मल महतो एवं उपायुक्त ऋतुराज शामिल हुए। इस दौरान पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत गोल्ड स्मिथ ट्रेड में प्रशिक्षण पूरा करने वाले 18 प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
विधायक निर्मल महतो ने युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने युवाओं से प्रशिक्षण का लाभ उठाकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने की अपील की।
उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि हुनर परियोजना का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं को औद्योगिक प्रतिष्ठानों की मांग के अनुरूप प्रशिक्षित कर रामगढ़ जिले में ही रोजगार उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें नौकरी के लिए दूसरे स्थानों पर पलायन न करना पड़े। उन्होंने बताया कि भविष्य की जरूरतों को देखते हुए ड्रोन टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण भी शुरू करने की योजना है।
उपायुक्त ने जानकारी दी कि 19 नवंबर को जिले के औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं संबंधित संस्थानों के साथ जिला स्तरीय कॉन्फ्रेंस आयोजित होगी।
इस अवसर पर आईटीआई गोला के रोहित मुंडा, जूही कुमारी और प्रदीप टुडू की राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान की उपलब्धि की सराहना की गई। वहीं मिथुन महतो ने जिला स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया है।
कार्यक्रम में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. प्रभात शंकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, संस्थान के प्रतिनिधि एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित थे।