रामगढ़ शहर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, सुभाष चौक समेत प्रमुख मार्गों से हटाए गए अवैध कब्जे

Spread the News

रामगढ़, 03 अक्टूबर: शहर को जाम और अतिक्रमण की समस्या से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन और छावनी परिषद की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को सुभाष चौक समेत आसपास के क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जे, अस्थायी दुकानें, तिरपाल, बोर्ड-बैनर तथा अन्य अवैध संरचनाओं को जेसीबी की मदद से हटाया गया।

अभियान का नेतृत्व रामगढ़ के एसडीओ कृष्ण मुरारी तिर्की ने किया। छावनी परिषद के अधिकारियों, कर्मचारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में सुभाष चौक, गुरुद्वारा रोड और शिवाजी पथ के आसपास कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि दुकान की निर्धारित सीमा से बाहर सड़क या फुटपाथ पर किसी प्रकार का सामान नहीं रखा जाए।

प्रशासन के अनुसार, सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण शहर में आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे आम लोगों और वाहन चालकों को परेशानी होती है। इसी को देखते हुए शहर को व्यवस्थित और यातायात को सुगम बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

इससे पहले 30 सितंबर को उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने भी शहरी क्षेत्र का निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए थे। नेहरू रोड को नो-पार्किंग जोन बनाने तथा सुभाष चौक और सनिचरा हाट के पास पार्किंग व्यवस्था विकसित करने की दिशा में भी निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अभियान के बाद दोबारा सड़क अथवा फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने दुकानदारों और आम लोगों से शहर को जाममुक्त एवं व्यवस्थित बनाने में सहयोग करने की अपील की है।