रामगढ़ समाहरणालय में खुला जिला स्तरीय आधार सेवा केंद्र, अब मुख्यालय में ही होगा आधार अपडेट

Spread the News

सांसद मनीष जायसवाल ने किया उद्घाटन, तीन आवेदकों के आधार में सुधार कर सौंपी गई रसीद

रामगढ़, 18 नवंबर: जिला समाहरणालय के ब्लॉक-ए में बुधवार को जिला स्तरीय आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया। हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल ने विधिवत रूप से केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, मांडू विधायक निर्मल महतो और रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज सहित कई जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

डाक विभाग द्वारा संचालित इस केंद्र के शुरू होने से जिले के आम नागरिकों को अब आधार कार्ड में सुधार एवं आवश्यक जानकारियों के अद्यतन के लिए जिला मुख्यालय में ही सुविधा उपलब्ध होगी। इससे लोगों को आधार संबंधी कार्यों के लिए दूर-दराज के केंद्रों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। साथ ही समय और संसाधनों की भी बचत होगी।

केंद्र के उद्घाटन के तुरंत बाद ही आधार सुधार की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। इस दौरान तीन आवेदकों के आधार कार्ड में आवश्यक सुधार की प्रक्रिया पूरी कर उन्हें रसीद सौंपी गई।

जिला प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है। आधार सेवा केंद्र की शुरुआत को आम लोगों की सुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।