रामगढ़, 02 अक्टूबर: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को राधा गोविन्द विश्वविद्यालय में 22-झारखंड, हजारीबाग बटालियन के एनसीसी कैडेट्स की ओर से स्वच्छता एवं सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से कैडेट्स ने स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए गांधीजी के विचारों को अपनाने का संदेश दिया।
इस दौरान एनसीसी कैडेट्स ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा परिसर की साफ-सफाई की तथा प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की। कैडेट्स ने ड्राइंग के माध्यम से महात्मा गांधी के विचारों और स्वच्छता के महत्व को प्रदर्शित किया। उन्होंने स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने और समाज को स्वच्छ रखने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व एनसीसी के लेफ्टिनेंट डॉ. अमन वर्मा ने किया। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी. एन. साह ने अपने संदेश में कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की दैनिक जिम्मेदारी है। गांधीजी के स्वच्छता संबंधी संदेश को अपनाकर स्वस्थ और स्वच्छ समाज का निर्माण किया जा सकता है।
मौके पर विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी, कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार, एनसीसी के शिक्षकगण एवं कैडेट्स उपस्थित थे।