रामगढ़, 02 अक्टूबर: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2026 को राधा गोविन्द विश्वविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने मिलकर परिसर की साफ-सफाई करते हुए स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर कुलाधिपति बी. एन. शाह ने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ जीवन और स्वस्थ समाज की पहली सीढ़ी है। महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी संदेश को अपने आचरण में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है। विद्यार्थियों को स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।
कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि ने भी स्वच्छता अभियान में सहभागिता करते हुए स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
मौके पर कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने स्वच्छ परिसर और स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प लिया।