चक्रवाती तूफान का झारखंड में दिखेगा असर, 20-21 नवंबर को भारी बारिश के आसार

Spread the News

धनबाद समेत कई जिलों में आंधी-गरज के साथ बदलेगा मौसम, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

रामगढ़, 20 नवंबर: बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर झारखंड के मौसम पर पड़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से धनबाद समेत राज्य के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। गुरुवार दोपहर से आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। वहीं, 20 और 21 नवंबर को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम में बदलाव के कारण तापमान में गिरावट आने और ठंड का असर बढ़ने की संभावना है। बारिश के साथ तेज हवाएं चलने से जनजीवन भी प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

20 नवंबर को रामगढ़, रांची, धनबाद, बोकारो, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश की आशंका है। वहीं, 21 नवंबर को गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में बारिश का प्रभाव देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग ने आंधी-गरज और वज्रपात के दौरान लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। खराब मौसम में खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की गई है। किसानों और आम लोगों को भी मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखकर अपनी गतिविधियां संचालित करने की सलाह दी गई है।