रांची,19 नवंबर: झारखंड में रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर है। ई-केवाईसी नहीं कराने के कारण राज्य के करीब 7 लाख एलपीजी गैस उपभोक्ताओं की सिलेंडर बुकिंग पर रोक लगा दी गई है। अब इन उपभोक्ताओं को तब तक घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग की सुविधा नहीं मिलेगी, जब तक वे अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं करा लेते। इस कार्रवाई से राज्य के लाखों परिवारों की परेशानी बढ़ सकती है।
रिपोर्ट के अनुसार, झारखंड में लगभग 67.62 लाख घरेलू एलपीजी उपभोक्ता हैं। इनमें करीब 39 लाख प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभुक शामिल हैं। ई-केवाईसी नहीं कराने वाले लगभग 7 लाख उपभोक्ताओं की बुकिंग सुविधा अस्थायी रूप से रोक दी गई है। इनमें सबसे अधिक उपभोक्ता इंडेन गैस कंपनी के बताए जा रहे हैं।
गैस कंपनियों की ओर से उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी कराने के लिए पहले भी कई बार समय दिया गया था। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोगों ने यह प्रक्रिया पूरी नहीं की। अब ऐसे उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग रोक दी गई है। उपभोक्ता अपने संबंधित गैस वितरक के कार्यालय में जाकर आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन करा सकते हैं। सत्यापन पूरा होने के बाद निर्धारित दर पर सिलेंडर बुकिंग की सुविधा फिर से शुरू हो सकेगी।
उपभोक्ता संबंधित गैस कंपनी के मोबाइल एप के माध्यम से भी आधार बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण कर सकते हैं। इंडेन के ग्राहक IndianOil ONE, भारत गैस के ग्राहक HelloBPCL और एचपी गैस के ग्राहक HP PAY एप का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा गैस सिलेंडर की डिलीवरी के समय डिलीवरी कर्मी के माध्यम से भी सत्यापन कराया जा सकता है।
ई-केवाईसी पूरी नहीं होने पर रियायती दर और सब्सिडी के साथ सामान्य घरेलू सिलेंडर की बुकिंग प्रभावित हो सकती है। पेट्रोलियम मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार, सत्यापन नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं के लिए बाजार दर पर 5 और 10 किलो के सिलेंडर का विकल्प उपलब्ध है। ऐसे में उपभोक्ताओं को सामान्य घरेलू सिलेंडर की तुलना में अधिक कीमत चुकानी पड़ सकती है।
सरकार का कहना है कि इस पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य फर्जी, डुप्लीकेट और अपात्र गैस कनेक्शनों की पहचान करना तथा सरकारी सब्सिडी का लाभ वास्तविक उपभोक्ताओं तक पहुंचाना है। इसलिए जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है, उन्हें जल्द से जल्द अपने गैस कनेक्शन का सत्यापन करा लेना चाहिए।