रामगढ़, 03 अक्टूबर: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को गांधी चौक, रामगढ़ में भव्य प्रतिमा अनावरण सह माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों तथा समाजसेवियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों को नमन किया।
हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, रामगढ़ विधायक ममता देवी, उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत, कैंट बोर्ड के सीईओ विवेक कुमार सिंह, वन प्रमंडल पदाधिकारी नितेश कुमार और उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल ने संयुक्त रूप से बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सामाजिक सद्भाव के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि गांधीजी के विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रासंगिक हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में शांति, भाईचारा और विकास को मजबूत किया जा सकता है।
कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की, प्रभारी पदाधिकारी (गोपनीय शाखा) रविंद्र कुमार गुप्ता, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सौरभ कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता दीप्ति प्रियंका कुजूर, जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का, जिला कल्याण पदाधिकारी सिद्धार्थ शंकर चौधरी, खेल पदाधिकारी संजीत कुमार, मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा, रामगढ़ एसडीपीओ आलोक रंजन, रामगढ़ थाना प्रभारी विजेंद्र कुमार और ट्रैफिक थाना प्रभारी नवीन कुमार पांडे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इसके बाद सभी पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि गांधी घाट पहुंचे। वहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजसेवी, नागरिक और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।