गांधी-शास्त्री जयंती पर युवाओं ने चलाया स्वच्छता अभियान, दिया स्वच्छ समाज का संदेश

Spread the News

रामगढ़, 03 अक्टूबर: महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat) की ओर से सेवा पखवाड़ा के तहत स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में रामगढ़ फिटनेस एकेडमी के सदस्यों, माय भारत के स्वयंसेवकों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अभियान के दौरान सिद्धू-कान्हू मैदान सहित सार्वजनिक स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में सामूहिक रूप से साफ-सफाई की गई। युवाओं ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया। इस दौरान दीवार लेखन के माध्यम से भी स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता गोला स्पोर्ट्स ऑफिसर अजीत गुप्ता ने की। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने युवाओं एवं आम नागरिकों से अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की अपील की।

मुख्य वक्ता शशि शेखर सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को स्वस्थ एवं सशक्त राष्ट्र की आधारशिला माना था। वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा का आदर्श प्रस्तुत किया। युवाओं को दोनों महान विभूतियों के जीवन एवं विचारों से प्रेरणा लेते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।

माई भारत के युवा कार्यकर्ता नितेश कुमार मोदी ने युवाओं को स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में माय भारत के युवा कार्यकर्ता नितेश कुमार मोदी, रामगढ़ फिटनेस एकेडमी के संचालक सिकंदर पाण्डेय, आदित्य सिंह, राहुल सिंह, नितेश अग्रवाल, पलक कुशवाहा, श्रवण कुमार, संगीता कुमारी समेत स्वयंसेवक, युवा साथी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।