अतिक्रमण हटाने को रामगढ़ में माइकिंग, दुकानदारों को दी चेतावनी

Spread the News

रामगढ़, 04 अक्टूबर: शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और सुगम यातायात व्यवस्था बहाल करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर जिला प्रशासन एवं छावनी परिषद रामगढ़ की ओर से शहर के प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर जागरूकता वाहन के माध्यम से माइकिंग कर लोगों को अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी जा रही है।

जागरूकता वाहन के माध्यम से दुकानदारों और व्यवसायियों से दुकानों व प्रतिष्ठानों के बाहर किए गए अतिक्रमण तथा सड़क और फुटपाथ पर रखे सामान को तत्काल हटाने की अपील की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासन एवं छावनी परिषद की टीम द्वारा अभियान चलाकर अवैध रूप से रखे सामान को जब्त किया जाएगा।

इसके अलावा सरकारी कार्य में बाधा डालने अथवा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने शहरवासियों से अभियान में सहयोग करने और रामगढ़ को स्वच्छ, सुंदर एवं सुरक्षित बनाने में भागीदारी निभाने की अपील की है।