दुर्गा पूजा को लेकर रामगढ़ प्रशासन मुस्तैद, डीसी-एसपी ने पूजा पंडालों का किया निरीक्षण

Spread the News

रामगढ़, 01 अक्टूबर: शारदीय नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर रामगढ़ जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को उपायुक्त ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की, प्रभारी अधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ विभिन्न पूजा पंडालों एवं मेला परिसरों का निरीक्षण किया।

इस दौरान बड़काकाना स्थित पूजा पंडाल का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन, वाहन पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता, झूले एवं स्टॉलों के लेआउट समेत अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। पूजा समितियों को निर्धारित मानकों और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने कहा कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुमंडल पदाधिकारी की पूर्व लिखित अनुमति के बिना मेला परिसर में झूला, व्यावसायिक दुकान या खान-पान का स्टॉल नहीं लगाया जाएगा। सभी पंडालों एवं खाद्य स्टॉलों में पर्याप्त अग्निशमन उपकरण रखना अनिवार्य होगा। साथ ही बड़े व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध रहेगा।

मेला क्षेत्र में निर्बाध पेयजल आपूर्ति, सचल शौचालय, व्यवस्थित पार्किंग और नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने कहा कि पूजा को दुर्घटना मुक्त एवं सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था तैयार की गई है। पंडालों एवं संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं और उनकी लगातार निगरानी की जाएगी। भीड़ नियंत्रण के लिए पूजा समितियों के वालंटियर्स के साथ पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती होगी। महिलाओं एवं बुजुर्गों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चेन स्नेचिंग और पॉकेटमारी जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सादे लिबास में विशेष पुलिस टीमों की तैनाती की जाएगी।

उन्होंने बताया कि प्रतिमा विसर्जन के लिए प्रशासन द्वारा निर्धारित एवं स्वीकृत रूट का ही पालन करना अनिवार्य होगा। किसी भी परिस्थिति में विसर्जन मार्ग में बदलाव की अनुमति नहीं दी जाएगी।

जिला प्रशासन ने पूजा समितियों एवं आम लोगों से अपील की है कि वे सभी सुरक्षा मानकों और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए दुर्गा पूजा का पर्व शांति, सद्भाव और हर्षोल्लास के साथ मनाएं।