स्वच्छता के लिए एकजुट हुआ रामगढ़, विभिन्न स्थलों पर चला विशेष सफाई अभियान

Spread the News

रामगढ़, 02 अक्टूबर: स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के तहत गुरुवार को “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज के नेतृत्व में नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। नगर परिषद कार्यालय परिसर, जज कॉलोनी, समाहरणालय परिसर, मौलाना अबुल कलाम आजाद पार्क रोड एवं सदर अस्पताल परिसर समेत अन्य स्थानों पर जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने श्रमदान कर साफ-सफाई की।

उपायुक्त ऋतुराज ने स्वयं श्रमदान करते हुए अभियान में सहभागिता की। उन्होंने अधिकारियों को समाहरणालय परिसर, व्यवहार न्यायालय परिसर, प्रमुख मार्गों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही स्वच्छता कार्यों की सतत निगरानी करने तथा चिन्हित स्थलों पर नियमित स्वच्छता गतिविधियां संचालित करने को कहा।

इस दौरान उपायुक्त ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कर्मियों एवं सफाई कर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। सभी ने सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

उपायुक्त ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। उन्होंने आम लोगों से स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, वार्ड पार्षद, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर प्रबंधक, सैनिटरी सुपरवाइजर, जमादार एवं सफाई कर्मी मौजूद रहे।