रांची,31 अगस्त: पत्र सूचना कार्यालय, रांची के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय ‘प्रेस टूर टू केरलम’ के लिए झारखंड के 12 मीडियाकर्मियों का प्रतिनिधिमंडल रविवार को केरल के लिए रवाना हुआ। यह अध्ययन एवं रिपोर्टिंग दौरा 31 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक चलेगा। दौरे का उद्देश्य पत्रकारों को केरल में विकसित आधुनिक बुनियादी ढांचे, वैज्ञानिक संस्थानों, पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और विभिन्न राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाओं की जमीनी जानकारी उपलब्ध कराना है।
दौरे की शुरुआत कोच्चि से होगी। पत्रकार कोच्चि वाटर मेट्रो की कार्यप्रणाली और आधुनिक जल परिवहन व्यवस्था का अध्ययन करेंगे। इसके अलावा फोर्ट कोच्चि और ऐतिहासिक मट्टनचेरी क्षेत्र का भी भ्रमण किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल केरल के शहरी परिवहन, पर्यटन और ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने के मॉडल को करीब से समझेगा।
1 सितंबर को कोट्टायम स्थित रबर बोर्ड के राष्ट्रीय मुख्यालय का दौरा प्रस्तावित है। यहां पत्रकार केरल की रबर आधारित अर्थव्यवस्था और इससे जुड़े संस्थागत कामकाज की जानकारी लेंगे। इसके बाद कुमारकोम में वेम्बनाड झील के इको-टूरिज्म मॉडल का अध्ययन किया जाएगा।
2 सितंबर को प्रतिनिधिमंडल तिरुवनंतपुरम पहुंचेगा। यहां PIB के अतिरिक्त महानिदेशक और केरल के राज्यपाल से मुलाकात प्रस्तावित है। इसके साथ ही ऐतिहासिक श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर का भ्रमण भी कार्यक्रम में शामिल है।
दौरे के दौरान पत्रकार CSIR-NIIST और SCTIMST जैसे प्रतिष्ठित वैज्ञानिक एवं चिकित्सा संस्थानों का भी अवलोकन करेंगे। यहां अनुसंधान, चिकित्सा और तकनीकी विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली जाएगी।
दौरे के अंतिम दिन 4 सितंबर को विझिंजम डीप-वाटर पोर्ट और विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र का भ्रमण प्रस्तावित है। इससे पत्रकारों को बंदरगाह विकास, अंतरिक्ष विज्ञान और अत्याधुनिक तकनीकी संस्थानों की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिलेगा।
इस प्रेस टूर के माध्यम से पत्रकार केरल के विकास, आधुनिक बुनियादी ढांचे, पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन, विज्ञान एवं तकनीक तथा राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाओं का जमीनी अध्ययन करेंगे। दौरे से प्राप्त अनुभवों और जानकारी के आधार पर विभिन्न विषयों पर तथ्यात्मक रिपोर्टिंग की जाएगी, जिससे झारखंड के पाठकों को केरल में हो रहे विकास कार्यों और संस्थागत प्रयोगों की जानकारी मिल सकेगी।