सुदूर गांवों में शिक्षा की अलख जगा रहे एकल विद्यालय, राज्यपाल संतोष गंगवार ने किया भ्रमण

Spread the News

बच्चों से किया संवाद, मन लगाकर पढ़ने और लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित

रामगढ़, 15 अक्टूबर: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने बुधवार, 14 अक्टूबर को रामगढ़ जिले के पतरातू प्रखंड के राजाबेड़ा, ईचापुरी और बरतुआ गांवों में संचालित एकल विद्यालयों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों, अभिभावकों और ग्रामीणों से संवाद कर विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों, बच्चों की पढ़ाई तथा ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं की जानकारी ली।

राज्यपाल ने कहा कि देश का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए। इस दिशा में एकल अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। विशेष रूप से दूरस्थ ग्रामीण एवं वनवासी क्षेत्रों में, जहां औपचारिक विद्यालयों तक पहुंच चुनौतीपूर्ण है, वहां एकल विद्यालय बच्चों तक शिक्षा पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बच्चों को शिक्षित करने वाले शिक्षकों के समर्पण और योगदान की सराहना की।

विद्यालय भ्रमण के दौरान राज्यपाल ने बच्चों से बातचीत करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ने, मेहनत करने और अपनी जिज्ञासा बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने बच्चों को अपने सपनों के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने राष्ट्रपति के संघर्षपूर्ण जीवन का उल्लेख करते हुए बच्चों से प्रेरणा लेने की बात कही।

राज्यपाल ने कहा कि बच्चे देश की अमूल्य धरोहर हैं। उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में समाज के प्रत्येक व्यक्ति की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करने तथा उन्हें बाल मजदूरी से दूर रखने का आग्रह किया।

राज्यपाल ने बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ उनके पोषण पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि शिक्षित और सक्षम बच्चे ही समाज तथा राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। एकल अभियान के माध्यम से दूर-दराज के गांवों में शिक्षा, संस्कार और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं।

राज्यपाल का यह भ्रमण ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की पहुंच बढ़ाने और बच्चों को बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा।