डांडिया हमारी समृद्ध संस्कृति, एकता और परंपरा का प्रतीक : प्रियंका कुमारी
रामगढ़, 15 अक्टूबर: नवरात्र के शुभ अवसर पर गुरुवार, 15 अक्टूबर को राधा गोविन्द विश्वविद्यालय, रामगढ़ में भव्य डांडिया महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधान, आकर्षक सजावट और डांडिया की मनमोहक धुनों ने विश्वविद्यालय परिसर को उत्सवमय बना दिया। विद्यार्थियों ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं की सुंदर झलक पेश की तथा अपनी प्रतिभा से सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी. एन. साह ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि भारतीय संस्कृति हमारी पहचान है। डांडिया जैसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों को अपनी परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनमें एकता, अनुशासन और आपसी सहयोग की भावना विकसित करते हैं।
विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी ने कहा कि भारतीय त्योहार हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। डांडिया केवल एक नृत्य नहीं, बल्कि हमारी परंपरा, आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक एकजुटता को दर्शाने वाला उत्सव है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति को समझने और उसे आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करते हैं।
वहीं, कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि ने नवरात्र पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डांडिया महोत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें भारतीय संस्कृति से जोड़ने का सुंदर माध्यम है। इस प्रकार के कार्यक्रम शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्यों और रचनात्मकता को भी प्रोत्साहित करते हैं।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार, मीडिया प्रभारी डॉ. संजय सिंह, डॉ. संजय प्रभाकर सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, व्याख्यातागण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
डांडिया महोत्सव के दौरान पूरे परिसर में उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक एकता का माहौल बना रहा। आयोजन ने विद्यार्थियों को आपसी मेलजोल बढ़ाने तथा भारतीय परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान किया। राधा गोविन्द विश्वविद्यालय की यह पहल शिक्षा के साथ संस्कृति, संस्कार और रचनात्मकता को बढ़ावा देने की दिशा में सराहनीय साबित हुई।