रामगढ़, 30 अगस्त: राधा गोविन्द शिक्षा स्वास्थ्य ट्रस्ट द्वारा संचालित राधा गोविन्द हॉस्पिटल में विभिन्न पदों पर नियुक्ति के लिए रविवार को साक्षात्कार का आयोजन किया गया। साक्षात्कार राधा गोविन्द विश्वविद्यालय परिसर, ललकी घाटी, रामगढ़ में आयोजित हुआ। इसमें चिकित्सा पदाधिकारी, प्रौद्योगिकी, पैथोलॉजी, प्रशासन, ब्लड बैंक, नर्सिंग, फिजियोथेरेपी सहित सहायक सेवाओं से संबंधित पदों के लिए अभ्यर्थी शामिल हुए।
साक्षात्कार प्रक्रिया को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने के लिए कुल नौ चयन बोर्डों के साथ पंजीयन डेस्क और हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई थी। प्रत्येक चयन बोर्ड में संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ एवं अनुभवी सदस्यों को शामिल किया गया। बोर्ड के सदस्यों ने अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, कार्य अनुभव, कार्यक्षमता और संबंधित क्षेत्र में उनकी जानकारी का मूल्यांकन करते हुए साक्षात्कार लिया।
साक्षात्कार की अध्यक्षता राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी.एन. साह ने की। उन्होंने कहा कि नियुक्ति प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और योग्यता के आधार पर संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि मेहनत, योग्यता और ईमानदारी ही सफलता की सच्ची पहचान है। योग्य एवं कुशल कर्मियों की नियुक्ति से राधा गोविन्द हॉस्पिटल में मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी ने साक्षात्कार प्रक्रिया को सफल बनाने में विश्वविद्यालय प्रबंधन, चयन बोर्ड के सदस्यों एवं संबंधित पदाधिकारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रबंधन गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के विकास के लिए भी लगातार प्रयासरत है।
कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि ने कहा कि योग्य और समर्पित प्रतिभाओं को अवसर देना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ की जा रही है। उन्होंने साक्षात्कार में शामिल सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। पूरी चयन प्रक्रिया शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई।
आयोजन को सफल बनाने में कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार, राधा गोविन्द इंटर कॉलेज की प्राचार्या सोमा पाण्डेय, मीडिया प्रभारी डॉ. संजय सिंह, तकनीकी सहायक डॉ. अनिल कुमार सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, व्याख्याताओं एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण सहभागिता रही।