टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत टाउन हॉल में सम्मान समारोह, मांडू विधायक ने पांच मरीजों को गोद लेने की घोषणा

Spread the News

रामगढ़, 15 जुलाई: टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत चलाए गए 100 दिवसीय विशेष अभियान के सफल समापन पर मंगलवार को टाउन हॉल, रामगढ़ में निक्षय मित्र सम्मान सह पोषण पोटली वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में टीबी उन्मूलन में योगदान देने वाले निक्षय मित्रों को सम्मानित किया गया तथा टीबी मरीजों के बीच पोषण पोटलियों का वितरण किया गया।

समारोह में बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, मांडू विधायक निर्मल महतो, उपायुक्त ऋतुराज, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, निक्षय मित्र और टीबी मरीज मौजूद रहे।

कार्यक्रम में बताया गया कि जिले में अब तक 173 निक्षय मित्र बनाए गए हैं, जिन्होंने सहयोग राशि के रूप में करीब 11 लाख 6 हजार रुपये जुटाए हैं। इस राशि से जिले के सभी टीबी मरीजों को पोषण पोटली उपलब्ध कराई जाएगी। समारोह में निक्षय मित्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि टीबी उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। वहीं मांडू विधायक निर्मल महतो ने टीबी को पूरी तरह उपचार योग्य बीमारी बताते हुए समय पर जांच और नियमित दवा लेने की अपील की। उन्होंने पांच टीबी मरीजों को गोद लेने की भी घोषणा की।

उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए रामगढ़ जिला पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने 173 निक्षय मित्रों द्वारा जुटाई गई सहयोग राशि को जनसहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से निक्षय मित्र बनकर अभियान से जुड़ने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में टीबी उन्मूलन के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प दोहराया गया। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि टीबी मरीजों की सहायता के लिए आगे आएं और निक्षय मित्र बनकर रामगढ़ को टीबी मुक्त बनाने में अपना योगदान दें।