धनबाद, 13 जुलाई: धनबाद के भाजपा सांसद ढुलू महतो और निरसा के विधायक अरूप चटर्जी के बीच जारी राजनीतिक टकराव अब कानूनी मोड़ पर पहुंच गया है। सांसद ढुलू महतो ने विधायक अरूप चटर्जी को 2 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा है। नोटिस में सांसद ने आरोप लगाया है कि विधायक द्वारा सार्वजनिक मंचों और मीडिया में लगाए गए भ्रष्टाचार, अवैध संपत्ति, गैंगस्टर प्रिंस खान से कथित संबंध तथा अन्य गंभीर आरोप उनकी सामाजिक और राजनीतिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाले हैं।
नोटिस में सांसद की ओर से कहा गया है कि विधायक अरूप चटर्जी अपने सभी आरोप वापस लें और सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगें। ऐसा नहीं करने पर उनके खिलाफ 2 करोड़ रुपये के मानहानि दावे के साथ न्यायालय में वाद दायर किया जाएगा।
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से दोनों नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है। विधायक अरूप चटर्जी ने सांसद ढुलू महतो पर अवैध खनन, अकूत संपत्ति और गैंगस्टर प्रिंस खान से कथित संबंधों जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। वहीं सांसद ढुलू महतो ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए इसे उनकी छवि धूमिल करने की साजिश करार दिया है।
इससे पहले विधायक अरूप चटर्जी ने सांसद ढुलू महतो और गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ रंगदारी और धमकी देने के आरोप में निरसा थाना में प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि धनबाद की यह सियासी जंग अब केवल बयानबाजी तक सीमित नहीं रही, बल्कि कानूनी लड़ाई का रूप ले चुकी है। आने वाले दिनों में इस मामले के और अधिक तूल पकड़ने की संभावना जताई जा रही है।