चाईबासा में अवैध खनन के दौरान पन्ना की तस्करी का खुलासा, तीन तस्कर गिरफ्तार

Spread the News

चाईबासा, 13 जुलाई: पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) जिले के बारूणमुठी, बाउटिया और ठुरकूगोड़ा पहाड़ी क्षेत्रों में बहुमूल्य रत्न पन्ना और नीलम की अवैध तस्करी का मामला सामने आया है। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि ये लोग प्रतिबंधित क्षेत्र से चोरी-छिपे पन्ना निकालकर कोलकाता में ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी में थे।

जानकारी के अनुसार, इन पहाड़ियों में बहुमूल्य रत्नों के भंडार मौजूद हैं। कुछ वर्ष पहले सुरंग धंसने की घटना के बाद संबंधित खदानों को सील कर दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद तस्कर रात के अंधेरे में अवैध खनन कर पन्ना निकाल रहे थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिलने पर छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से पन्ना सहित अन्य संदिग्ध सामग्री भी बरामद की गई है।

प्रशासन ने पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी है और अवैध खनन में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि प्राकृतिक खनिज संपदा की सुरक्षा के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा तथा अवैध खनन और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हाल के दिनों में चाईबासा में जिला प्रशासन ने खनन टास्क फोर्स को भी अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।