मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा
रामगढ़, 29 नवंबर: रामगढ़ जिले में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन हो रहे हादसों में लोगों की जान जा रही है। रविवार को कुजू के पैंकी के पास रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। इस दर्दनाक दुर्घटना में 13 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए। सभी श्रद्धालु बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले थे और रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे।
इस हृदयविदारक घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख रुपये तथा घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार तड़के करीब 2:30 बजे हुआ। कुजू क्षेत्र के पैंकी गांव के पास तेज रफ्तार एसयूवी एक भारी वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में सवार 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में पांच महिलाएं और दो बच्चे भी शामिल हैं। हादसे में एक व्यक्ति घायल हुआ है।
इस घटना ने एक बार फिर रामगढ़ जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रामगढ़ से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही, तेज रफ्तार और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजामों की कमी चिंता का विषय बनी हुई है। चुटूपालू घाटी से लेकर कुजू तक कई स्थानों पर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के बीच अब आम लोगों की मांग है कि जिला प्रशासन और यातायात पुलिस सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाएं। दुर्घटना संभावित स्थलों पर स्पीड नियंत्रण, पर्याप्त संकेतक, नियमित वाहन जांच और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।रामगढ़ की सड़कें आखिर कब सुरक्षित होंगी? यह सवाल अब जिले के हर नागरिक के मन में उठ रहा है।