रांची, 13 जुलाई: झारखंड सरकार फर्जी एवं अपात्र राशन कार्डधारियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने रांची जिले के रातू प्रखंड में बड़ी कार्रवाई करते हुए 115 अपात्र राशन कार्डधारियों पर लगभग 3.5 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है।
विभागीय जांच में पाया गया कि संबंधित लोगों ने पात्रता नहीं होने के बावजूद सरकारी राशन योजना का लाभ लिया। जांच के दौरान 45 ऐसे राशन कार्डधारी भी मिले, जिनकी वार्षिक आय 6 लाख रुपये से अधिक है, जबकि नियमानुसार वे राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के लाभ के पात्र नहीं हैं।
आपूर्ति विभाग ने सभी 115 कार्डधारियों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा के भीतर जुर्माने की राशि जमा करने और अपना पक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला या जुर्माना जमा नहीं किया गया, तो उनके खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विभाग के अधिकारियों के अनुसार राज्यभर में राशन कार्डों का सत्यापन अभियान जारी है। जांच के दौरान आयकरदाता, सरकारी कर्मचारी, उच्च आय वर्ग और अन्य अपात्र लाभुकों की पहचान की जा रही है। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) का लाभ केवल वास्तविक और जरूरतमंद परिवारों तक ही पहुंचे।
राज्य सरकार ने लोगों से अपील की है कि जो व्यक्ति अपात्र होने के बावजूद राशन कार्ड का लाभ ले रहे हैं, वे स्वयं आगे आकर अपना राशन कार्ड सरेंडर कर दें, अन्यथा जांच में पकड़े जाने पर आर्थिक दंड के साथ कानूनी कार्रवाई का भी सामना करना पड़ सकता है।