रामगढ़, 23 जून: राधा गोविंद पब्लिक स्कूल, रामगढ़ में मंगलवार को विद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय गोविंद साह एवं स्वर्गीय राधा देवी की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के चेयरमैन बी.एन. साह द्वारा दोनों पुण्यात्माओं के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों ने स्वर्गीय गोविंद साह और स्वर्गीय राधा देवी के शिक्षा क्षेत्र में दिए गए अमूल्य योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चेयरमैन बी.एन. साह ने कहा कि दोनों संस्थापकों द्वारा स्थापित आदर्श, मूल्य और शिक्षा के प्रति समर्पण आज भी विद्यालय परिवार के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
विद्यालय के प्राचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महान व्यक्तित्वों की स्मृतियां हमें सेवा, समर्पण, अनुशासन और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने संस्थापकों के बताए मार्ग पर चलने तथा शिक्षा और संस्कार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने का संकल्प लिया।
श्रद्धांजलि सभा में विद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी, प्रशासक के.एन. सिंह, इंटर कॉलेज की प्राचार्या सोमा पांडे, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन श्रद्धांजलि एवं मौन प्रार्थना के साथ हुआ।