कृषि योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाएं : रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज

Spread the News

रामगढ़, 26 सितंबर: उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में शुक्रवार को कृषि एवं संबद्ध विभागों के कार्यों की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि, आत्मा, मत्स्य, पशुपालन, गव्य विकास एवं भूमि संरक्षण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों से योजनाओं के निर्धारित लक्ष्य, लक्ष्य के विरुद्ध हुई उपलब्धियों तथा लंबित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने सभी योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि किसानों, पशुपालकों और अन्य पात्र लाभुकों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ मिलना चाहिए। इसके लिए पदाधिकारी योजनाओं की नियमित निगरानी करें और क्षेत्र भ्रमण कर जमीनी स्तर पर उनकी प्रगति एवं वास्तविक स्थिति का जायजा लें।

उन्होंने योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर देते हुए पात्र लाभुकों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को तय समय-सीमा में पूरा करने को कहा।

बैठक में कृषि एवं संबद्ध विभागों के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।