जन वितरण प्रणाली और सहकारिता योजनाओं की डीसी ने की समीक्षा

Spread the News

रामगढ़, 26 सितंबर: समाहरणालय सभाकक्ष में शुक्रवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में जिला आपूर्ति कार्यालय एवं जिला सहकारिता कार्यालय के कार्यों और योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में दोनों विभागों की योजनाओं की प्रगति, निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध उपलब्धि और लंबित कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई।

जिला आपूर्ति कार्यालय की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने जन वितरण प्रणाली के तहत लाभुकों को निर्धारित मात्रा में समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने राशन वितरण की नियमित निगरानी करने तथा पात्र लाभुकों को खाद्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने पर जोर दिया। साथ ही जन वितरण प्रणाली से संबंधित शिकायतों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश अधिकारियों को दिया।

जिला सहकारिता कार्यालय की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सहकारी समितियों से जुड़े कार्यों, योजनाओं की प्रगति और किसानों के हित में संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लाभुकों तक योजनाओं का समुचित लाभ पहुंचाने तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने दोनों विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने को कहा।

बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।