रांची/बोकारो, 23 जून: झारखंड ने इस वर्ष केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 12वीं परीक्षा में इतिहास रच दिया है। पुनर्मूल्यांकन (री-इवैल्यूएशन) के बाद विज्ञान, वाणिज्य और मानविकी (आर्ट्स) तीनों प्रमुख स्ट्रीम के राष्ट्रीय टॉपर झारखंड से सामने आए हैं। इस उपलब्धि ने पूरे राज्य को गौरवान्वित कर दिया है।
विज्ञान संकाय में बोकारो के डीपीएस के छात्र आदित्य मिश्रा ने पुनर्मूल्यांकन के बाद 99.60 प्रतिशत अंक हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर संयुक्त टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया। उनके शानदार प्रदर्शन ने बोकारो सहित पूरे झारखंड का नाम रोशन किया है।
वहीं वाणिज्य संकाय में रांची की अवनी केजरीवाल ने री-इवैल्यूएशन के बाद 500 में 500 अंक प्राप्त कर देश की नंबर-1 छात्रा बनने का कीर्तिमान स्थापित किया। प्रारंभिक परिणाम में उन्हें अपेक्षा से कम अंक मिले थे, लेकिन पुनर्मूल्यांकन के बाद उनका स्कोर पूर्णांक तक पहुंच गया।
मानविकी (आर्ट्स) संकाय में रांची के ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल की छात्रा भाव्या रंजन ने 499 अंक प्राप्त कर राष्ट्रीय टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन ने झारखंड की शैक्षणिक उपलब्धियों में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया।
शिक्षा जगत के जानकारों का मानना है कि एक ही राज्य से तीनों स्ट्रीम के राष्ट्रीय टॉपर निकलना असाधारण उपलब्धि है। विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का यह परिणाम है। इस सफलता से राज्य के अन्य छात्रों को भी प्रेरणा मिलेगी और झारखंड की पहचान देश के अग्रणी शैक्षणिक राज्यों में और मजबूत होगी।