सीबीएसई के स्कैन कॉपी पोर्टल में तकनीकी गड़बड़ी से छात्र परेशान

Spread the News

नई दिल्ली, 25 मई: सीबीएसई द्वारा कक्षा 12वीं की उत्तरपुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी उपलब्ध कराने के लिए शुरू किए गए ऑनलाइन पोर्टल में लगातार आ रही तकनीकी समस्याओं ने छात्रों और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। रिजल्ट जारी होने के बाद 19 मई 2026 से शुरू हुई यह प्रक्रिया अब विवादों में घिर गई है।

छात्रों का कहना है कि आवेदन पोर्टल बार-बार क्रैश हो रहा है, लॉगिन नहीं हो पा रहा है तथा कई मामलों में भुगतान कटने के बावजूद आवेदन की स्थिति अपडेट नहीं हो रही। वहीं कुछ विद्यार्थियों ने स्कैन कॉपी धुंधली आने और कई पन्ने गायब होने की शिकायत भी की है।

बढ़ती शिकायतों और भारी ट्रैफिक को देखते हुए CBSE ने स्कैन कॉपी के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 24 मई 2026 कर दी है। बोर्ड के अनुसार पोर्टल अब पूरी तरह कार्यरत है, लेकिन अधिक संख्या में छात्रों के एक साथ लॉगिन करने के कारण कभी-कभी देरी हो सकती है।

बोर्ड ने छात्रों को सलाह दी है कि यदि भुगतान फेल हो जाए या स्थिति अपडेट न हो तो बार-बार नया आवेदन न करें। जरूरत पड़ने पर कुछ समय बाद दोबारा लॉगिन करें।

छात्रों को हो रही प्रमुख समस्याएं

• पोर्टल का बार-बार डाउन होना

• लॉगिन में दिक्कत

• पेमेंट कटने के बाद आवेदन अपडेट न होना

• स्कैन कॉपी धुंधली या अधूरी मिलना

• हाई ट्रैफिक के कारण सर्वर स्लो होना

• बोर्ड के अनुसार स्कैन कॉपी ईमेल के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद छात्र दो दिनों के भीतर Verification या Re-evaluation के लिए आवेदन कर सकेंगे।

गौरतलब है कि इस वर्ष CBSE ने पहली बार On-Screen Marking (OSM) प्रणाली लागू की है। माना जा रहा है कि नई तकनीक और भारी ट्रैफिक के कारण पोर्टल पर तकनीकी समस्याएं अधिक सामने आ रही हैं।

कॉलेजों में एडमिशन प्रक्रिया शुरू होने के बीच उत्तरपुस्तिका की स्कैन कॉपी में देरी से छात्रों की चिंता और बढ़ गई है।