कोलकाता, 25 मई: दक्षिण 24 परगना जिले की फलता विधानसभा सीट पर भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए नया रिकॉर्ड कायम किया है। भाजपा प्रत्याशी देबांग्शु पांडा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी माकपा के शंभुनाथ कुर्मी को 1,09,021 वोटों के भारी अंतर से पराजित किया।
रविवार को 22 राउंड की मतगणना के बाद घोषित परिणामों में देबांग्शु पांडा को कुल 1,49,666 वोट प्राप्त हुए, जबकि माकपा प्रत्याशी शंभुनाथ कुर्मी को 40,645 वोट मिले। कांग्रेस उम्मीदवार अब्दुर रज्जाक मोल्ला को 10,084 वोट हासिल हुए। वहीं तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान महज 7,783 वोट पाकर चौथे स्थान पर रहे।
बताया गया कि मतदान से 48 घंटे पहले जहांगीर खान ने चुनाव मैदान से हटने की घोषणा कर दी थी, लेकिन नामांकन वापसी की समय सीमा समाप्त हो जाने के कारण उनका नाम इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में बना रहा।
इस जीत के साथ पश्चिम बंगाल विधानसभा में भाजपा विधायकों की संख्या बढ़कर 208 हो गई है। साथ ही यह जीत भाजपा की ओर से बंगाल विधानसभा चुनाव इतिहास में सबसे बड़े जीत अंतर का नया रिकॉर्ड बन गई है।
इससे पहले हालिया विधानसभा चुनाव में माटीगारा-नक्सलबाड़ी सीट पर भाजपा प्रत्याशी आनंदमय बर्मन ने तृणमूल कांग्रेस के शंकर मालाकार को 1,04,265 वोटों के अंतर से हराकर रिकॉर्ड बनाया था। उस चुनाव में बर्मन को 1,66,905 जबकि मालाकार को 62,640 वोट मिले थे।