राज्य स्तरीय समारोह में रामगढ़ को मिला सम्मान, पंचायत स्तर के उत्कृष्ट कार्यों की हुई सराहना

Spread the News

रामगढ़, 25 अप्रैल: मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में रामगढ़ जिले को विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में रांची स्थित खेलगांव इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में जिले की उपलब्धियों को विशेष रूप से सराहा गया।

यह सम्मान पंचायत स्तर पर किए गए सशक्त, प्रभावी और जनहितकारी कार्यों का परिणाम माना जा रहा है, जिससे पूरे जिले में गर्व का माहौल है।

इस अवसर पर उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि टीमवर्क, समर्पण और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने पूर्व उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज, जिला परिषद अध्यक्ष सुधा देवी, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, जिला पंचायती राज पदाधिकारी निशा कुमारी सिंह सहित सभी अधिकारियों, कर्मियों और जनप्रतिनिधियों को बधाई दी।

वर्ष 2024-25 के लिए रामगढ़ को मिले प्रमुख पुरस्कार इस प्रकार हैं—

• उत्कृष्ट जिला परिषद श्रेणी में प्रथम स्थान

• उत्कृष्ट पंचायत समिति श्रेणी में दुलमी पंचायत समिति को प्रथम स्थान

• स्वच्छ एवं स्वस्थ पंचायत समिति श्रेणी में गोला पंचायत समिति को प्रथम स्थान

• श्रेष्ठ ग्राम सभा श्रेणी में पतरातू (कंडेर) को 31वां एवं इचातु (दुलमी) को 32वां स्थान

• स्वच्छ एवं स्वस्थ ग्राम पंचायत श्रेणी में कोराम्बे (गोला) को 17वां स्थान

• उत्कृष्ट ग्राम पंचायत श्रेणी में बरियातू (गोला) को चौथा स्थान

उपायुक्त ने कहा कि यह सम्मान पंचायत प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और आम नागरिकों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने सभी इकाइयों को भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट कार्य करते रहने और जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में राज्य भर से आए प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और पंचायत सदस्यों की उपस्थिति रही, जहां पंचायत स्तर पर नवाचार, स्वच्छता, सुशासन और जनभागीदारी के उत्कृष्ट मॉडलों को प्रस्तुत और सम्मानित किया गया।