JTET परीक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क, डीसी-एसपी ने पांच केंद्रों का किया निरीक्षण

Spread the News

1 नवंबर को होगी झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा, सुरक्षा और कदाचारमुक्त आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश

रामगढ़, 29 अक्टूबर: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 के सफल, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। झारखंड अधिविध परिषद की ओर से यह परीक्षा आगामी 1 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महर्षि परमहंस बी.एड. कॉलेज, डिवाइन ओंकार मिशन विद्यालय, राधा गोविंद सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय कोयरीटोला तथा कृष्ण वल्लभ प्लस टू उच्च विद्यालय, लारी में परीक्षा संबंधी तैयारियों की समीक्षा की।

उपायुक्त ऋतुराज ने सभी केंद्राधीक्षकों एवं संबंधित पदाधिकारियों को परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।

अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता, साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। साथ ही, निर्धारित सीटिंग प्लान, आवश्यक अभिलेखों के संधारण, परीक्षार्थियों की जांच तथा वीक्षकों और अन्य प्रतिनियुक्त कर्मियों की जिम्मेदारियों का भी जायजा लिया।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि केंद्राधीक्षक परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पहले से अध्ययन कर लें और परीक्षा कार्य में लगे कर्मियों को उनके दायित्वों के बारे में स्पष्ट जानकारी दें। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए सतत निगरानी रखने और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।

उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समय से पहले तैयारियां पूरी करें। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी अभय कुमार शील सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।