होमगार्ड बहाली परीक्षा के पांचवें दिन 828 अभ्यर्थियों ने लिया भाग, 516 रहे अनुपस्थित

Spread the News

पतरातू प्रखंड के पुरुष अभ्यर्थियों की हुई शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा

रामगढ़, 29 अक्टूबर: जिले में गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) बहाली के तहत सिद्धू-कान्हू मैदान में आयोजित शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा के पांचवें दिन पतरातू प्रखंड के पुरुष अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई।

पांचवें दिन परीक्षा के लिए पतरातू प्रखंड के कुल 1,344 पुरुष अभ्यर्थियों को शामिल होना था। इनमें से 828 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए, जबकि 516 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

बहाली प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से परीक्षा स्थल पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास, अनुशासन और परीक्षा संचालन पर विशेष निगरानी रखी गई। परीक्षा केंद्र में केवल अभ्यर्थियों को प्रवेश की अनुमति दी गई तथा इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध लागू रहा।

होमगार्ड बहाली के तहत शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा का आयोजन 24 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक सिद्धू-कान्हू मैदान, रामगढ़ में किया जा रहा है। परीक्षा प्रतिदिन सुबह पांच बजे से शुरू होती है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, आज 29 अक्टूबर को पतरातू प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद रामगढ़, गोला और चितरपुर प्रखंडों के अलावा शहरी गैर-तकनीकी एवं शहरी तकनीकी क्षेत्र के अभ्यर्थियों की परीक्षा निर्धारित तिथियों पर होगी।

जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपनी निर्धारित परीक्षा तिथि की जानकारी प्राप्त कर समय पर परीक्षा स्थल पहुंचें और बहाली प्रक्रिया से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने की प्रतिबद्धता दोहराई है।