झारखंड विधानसभा का स्थापना दिवस 22 नवंबर को, इस बार सादगी से मनेगा समारोह

Spread the News

राजनीतिक जगत में हुए निधन और शोक की स्थिति को देखते हुए लिया गया निर्णय, सम्मान समारोह पूर्ववत होगा

रांची,29 अक्टूबर: झारखंड विधानसभा का स्थापना दिवस समारोह इस वर्ष 22 नवंबर को सादगीपूर्ण तरीके से मनाया जाएगा। समारोह में भव्य आयोजन के बजाय सादगी पर जोर दिया जाएगा। हालांकि, इस अवसर पर आयोजित होने वाला सम्मान समारोह पहले की तरह ही होगा। विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया।

विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक में स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों, कार्यक्रमों की रूपरेखा और आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। हाल के दिनों में झारखंड के राजनीतिक जगत से जुड़े लोगों के निधन और शोक की स्थिति को ध्यान में रखते हुए समारोह को सादगी से आयोजित करने पर सहमति बनी।

बैठक में 25 और 26 नवंबर को प्रस्तावित विधानसभा के विशेष सत्र को ध्यान में रखते हुए भी कार्यक्रमों के स्वरूप पर विचार-विमर्श किया गया। निर्णय लिया गया कि स्थापना दिवस के अवसर पर सम्मान समारोह सहित सभी कार्यक्रम विधानसभा के सेंट्रल हॉल में आयोजित किए जाएंगे।

समारोह की तैयारियों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं पर चर्चा की। स्थापना दिवस के माध्यम से विधानसभा की संसदीय परंपराओं और लोकतांत्रिक मूल्यों को रेखांकित किया जाएगा।