AAP में बड़ी टूट का दावा: राघव चड्ढा समेत कई सांसदों के BJP में जाने की घोषणा

Spread the News

नई दिल्ली, 24 अप्रैल: आम आदमी पार्टी में बड़ी फूट का दावा करते हुए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने पार्टी से अलग होने और भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का ऐलान किया है। इस घटनाक्रम ने देश की राजनीति में हलचल मचा दी है।

राघव चड्ढा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी अब अपने मूल उद्देश्यों से भटक चुकी है। उन्होंने कहा कि पार्टी, जो भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई के नाम पर बनी थी, अब “समझौता कर चुकी ताकतों” के हाथ में चली गई है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के दो-तिहाई सांसद BJP में शामिल होने जा रहे हैं।

चड्ढा ने कहा, “मैंने इस पार्टी को अपने खून-पसीने से सींचा, लेकिन अब यह पहले जैसी नहीं रही। पिछले एक साल से मैं पार्टी की गतिविधियों से दूर था क्योंकि मैं गलत कामों के साथ खड़ा नहीं हो सकता था।”

संदीप पाठक ने भी पार्टी से अलग होने की पुष्टि करते हुए कहा कि वे देश सेवा के उद्देश्य से राजनीति में आए थे, लेकिन अब उनके रास्ते अलग हो गए हैं। उन्होंने कहा, “मैंने हमेशा पार्टी को सर्वोपरि रखा, लेकिन अब परिस्थितियां बदल गई हैं।”

इसी क्रम में अशोक मित्तल के भी राघव चड्ढा के साथ आने की खबर है। गौरतलब है कि हाल ही में मित्तल को राज्यसभा में AAP का उपनेता बनाया गया था। उनके यहां कुछ दिनों पहले छापेमारी भी हुई थी।

इसके अलावा हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, स्वाती मालिवाल और विक्रम साहनी के भी BJP में शामिल होने की चर्चा है, हालांकि इस पर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

हालांकि, आम आदमी पार्टी की ओर से इस पूरे घटनाक्रम पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यदि यह दावा सही साबित होता है, तो यह AAP के लिए एक बड़ा राजनीतिक झटका माना जाएगा।