रजरप्पा में ज्वैलरी दुकान डकैती का खुलासा, 7 अपराधी गिरफ्तार; लूटे गए जेवरात बरामद

Spread the News

रामगढ़, 24 अप्रैल: रजरप्पा थाना क्षेत्र के चितरपुर स्थित शिव शंकर ज्वैलर्स में 21 अप्रैल 2026 को हुई डकैती कांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में अब तक कुल 7 अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया गया है तथा लूटे गए सोना-चांदी के आभूषण भी बरामद कर लिए गए हैं।

घटना के संबंध में वादी विष्णु प्रसाद के फर्दबयान पर रजरप्पा थाना कांड संख्या-48/2026 दर्ज किया गया था। कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रामगढ़ मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर एसआईटी टीम का गठन किया गया, जिसका नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंदन वत्स कर रहे थे।

एसआईटी द्वारा तकनीकी साक्ष्य एवं मानवीय सूचना के आधार पर रामगढ़, लातेहार, पलामू, रांची सहित अन्य जिलों में छापेमारी की गई। इसी क्रम में नालंदा जिले में छापेमारी कर 3 आरोपियों- मनीष कुमार, रीना देवी एवं चन्द्रावती देवी- को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण एवं एक ईर्टिगा कार बरामद की गई।

इसके अलावा पलामू जिले के पिपराटांड़ थाना क्षेत्र से 2 अन्य अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से घटना में प्रयुक्त होंडा शाइन बाइक, वारदात के समय पहने गए कपड़े एवं लूटे गए जेवर बरामद हुए हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधियों में सुभानी अंसारी उर्फ ललका समेत अन्य शामिल हैं। बरामद सामानों में सोने के कई टॉप्स सहित अन्य आभूषण शामिल हैं, जिनका कुल वजन कई ग्राम बताया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कांड में संलिप्त अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस की इस सफलता से क्षेत्र के लोगों में राहत का माहौल है।