ट्रेजरी घोटाले पर CID का बड़ा एक्शन, आईजी पंकज कम्बोज की अगुवाई में 9 सदस्यीय SIT जांच में जुटी 

Spread the News

रांची, 24 अप्रैल: झारखंड में सरकारी कोषागारों से करोड़ों रुपये की अवैध निकासी और वेतन घोटाले के मामले में अब सीआईडी ने मोर्चा संभाल लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक पंकज कम्बोज की अध्यक्षता में 9 सदस्यीय विशेष जांच टीम का गठन किया गया है, जिसने अपनी जांच शुरू कर दी है।

टीम में एक डीआईजी, दो एसपी, तीन डीएसपी और दो इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी शामिल हैं। यह SIT मुख्य रूप से घोटाले के आपराधिक पहलुओं- फर्जीवाड़ा, अवैध निकासी, सॉफ्टवेयर में सेंध और बड़े नेटवर्क की जांच करेगी। राज्य सरकार की मंजूरी के बाद सीआईडी ने पूरे मामले को अपने हाथ में ले लिया है।

सूत्रों के अनुसार, हजारीबाग, बोकारो समेत कई जिलों के कोषागारों में फर्जी सैलरी भुगतान और अन्य गड़बड़ियों की शिकायतें सामने आई थीं। अनुमानित राशि करोड़ों रुपये बताई जा रही है। सरकार ने दो-स्तरीय जांच की रणनीति अपनाई है- एक टीम आपराधिक पक्ष पर फोकस कर रही है, जबकि दूसरी वित्तीय और प्रशासनिक पहलुओं की जांच कर रही है।

आईजी पंकज कम्बोज के नेतृत्व वाली टीम ने संबंधित दस्तावेजों की गहन पड़ताल शुरू कर दी है। SIT जल्द ही प्रभावित जिलों का दौरा कर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ भी करेगी।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि घोटालेबाजों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। विपक्षी दलों ने भी इस घोटाले को लेकर सरकार पर हमला बोलते हुए पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

सीआईडी सूत्रों ने बताया कि जांच के दौरान यदि किसी बड़े अधिकारी या नेता का नाम सामने आता है तो कार्रवाई से पीछे नहीं हटेंगे। फिलहाल SIT सभी कोषागारों की निकासी के रिकॉर्ड खंगाल रही है।

यह घोटाला राज्य के वित्तीय अनुशासन पर सवाल खड़ा कर रहा है। आगे की जांच में और बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है।