मानवाधिकार दिवस पर राधा गोविन्द विश्वविद्यालय में शपथ समारोह आयोजित

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रामगढ़, 10 दिसंबर: राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग ने आज विश्व मानवाधिकार दिवस के अवसर पर एक गरिमामय शपथ समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम में कुलाधिपति, कुलपति, शिक्षकों एवं सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और मानव गरिमा एवं सामाजिक न्याय के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम का शुभारंभ कुलाधिपति बी. एन. साह के उद्बोधन से हुआ। उन्होंने कहा, “मानवाधिकारों की रक्षा केवल कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि हर व्यक्ति का नैतिक कर्तव्य है। विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारी है कि ये मूल्य युवा पीढ़ी के मन-मस्तिष्क में गहरे तक उतारे जाएं।”

विश्वविद्यालय सचिव प्रियंका कुमारी ने सभी को मानवाधिकार दिवस दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा, “जहां मानवाधिकारों का सम्मान नहीं होता, वहां मानवता का अस्तित्व ही संकट में पड़ जाता है।”

कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, “इतिहास साक्षी है कि मानवाधिकारों के लिए संघर्ष लंबा और कठिन रहा है। आज का दिन हमें याद दिलाता है कि स्वतंत्रता, समानता और न्याय के आदर्शों को हमें कभी कमजोर नहीं पड़ने देना है।”

कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल ने मानवाधिकार शिक्षा को पाठ्यक्रम का अभिन्न अंग बनाने पर बल दिया और विश्वविद्यालय द्वारा इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

कार्यक्रम के अंत में इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. पुनम कुमारी ने सभी उपस्थित लोगों को सामूहिक शपथ दिलाई। छात्र-छात्राओं ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे मानवाधिकार उल्लंघन के विरुद्ध हमेशा आवाज उठाएंगे और एक समावेशी, न्यायपूर्ण समाज के निर्माण में अपना योगदान देंगे।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. ममता कुमारी ने किया। इस अवसर पर वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य श्री अजय कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शोधार्थी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। छात्रों में मानवाधिकारों के प्रति जागरूकता और संकल्प की भावना स्पष्ट दिखाई दी।