रामगढ़ में तीन महीने बाद मिला लापता युवक का कटा-फटा कंकाल, मुख्य आरोपी गिरफ्तार; आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रामगढ़, 10 दिसंबर 2025: रामगढ़ जिले में उस समय सनसनी फैल गई जब 17 सितंबर 2025 से लापता युवक सोनू राम (उम्र करीब 28 वर्ष, निवासी श्रीकृष्णा मोहल्ला) का कंकाल सोमवार देर शाम धांधार पोखर के पास जंगल से कई टुकड़ों में बरामद किया गया। पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी रंजीत सिंह उर्फ नाना (निवासी बंगाली टोला) को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निजी रंजिश के चलते 17 सितंबर को ही रंजीत सिंह ने सोनू राम की हत्या कर दी थी और शव को टुकड़े-टुकड़े कर जंगल में फेंक दिया था।

शव मिलने की खबर फैलते ही परिजन और सैकड़ों स्थानीय लोग सुभाष चौक पर एकत्र हो गए और रामगढ़-रजरप्पा मुख्य मार्ग को कई घंटों तक जाम रहा। लोगों ने हत्यारे को फांसी, त्वरित न्याय और मृतक परिवार को सरकारी मुआवजे की मांग की। मौके पर रामगढ़ एसडीओ अनुराग तिवारी, डीएसपी, रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय सहित भारी पुलिस बल पहुंचा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम हटाया गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पूरे इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बर्बर हत्या से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और दोषी को सबसे सख्त सजा मिलनी चाहिए। पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही पूरा खुलासा किया जाएगा।