मतदाता सूची के सत्यापन को लेकर सभी मतदान केंद्रों पर BLA-2 एवं BLO की पांचवीं बैठक आयोजित

Spread the News

उपायुक्त ऋतुराज ने विभिन्न बूथों का किया निरीक्षण, युवाओं से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील

रामगढ़, 05 नवंबर: निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बुधवार को रामगढ़ जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल एजेंट एवं बूथ लेवल ऑफिसर की पांचवीं बैठक के साथ ‘चुनाव पाठशाला’ का आयोजन किया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ऋतुराज ने जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर निर्वाचन संबंधी कार्यों का जायजा लिया तथा अधिकारियों एवं कर्मियों को मतदाता सूची के शुद्धिकरण और अद्यतीकरण का कार्य गंभीरता से पूरा करने का निर्देश दिया।

बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण एवं Home-to-Roll Verification प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची के सत्यापन पर विशेष जोर दिया गया। प्रपत्र-2 में अंकित वैसे मतदाताओं की नामवार सूची प्रकाशित कर पढ़कर सुनाई गई, जिनके नोटिस एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। इस दौरान BLO एवं BLA-2 के बीच मतदाताओं के विवरण के मिलान, आवश्यक दस्तावेजों के संकलन तथा सूची में त्रुटियों के सुधार को लेकर चर्चा हुई। उपस्थित नागरिकों से सुझाव एवं आपत्तियां भी प्राप्त की गईं।

उपायुक्त ऋतुराज ने एक अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं से वोटर हेल्पलाइन एप अथवा संबंधित BLO के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी जरूरी है और इसके लिए मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना आवश्यक है।

चुनाव पाठशाला के माध्यम से नागरिकों को नया नाम जोड़ने, नाम-पते में सुधार तथा मतदाता सूची में अपनी प्रविष्टि की स्थिति जांचने की जानकारी भी दी गई। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से मतदाता सूची की जांच कर आवश्यक सुधार कराने की अपील की।