बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए रामगढ़ में ‘सम्पूर्ण शिक्षा अभियान’ शुरू

Spread the News

रामगढ़, 02 अक्टूबर: जिले के सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर करने और आगामी 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा में विद्यार्थियों के प्रदर्शन को मजबूत करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने ‘सम्पूर्ण शिक्षा अभियान’ की शुरुआत की है। गुरुवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक हुई।

बैठक में उपायुक्त ने बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध तरीके से लागू करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी विषयों का निर्धारित समय सीमा में सिलेबस पूरा कराने तथा विद्यार्थियों को रिवीजन और मॉडल प्रश्नपत्रों के अभ्यास के लिए पर्याप्त समय देने को कहा। शिक्षकों को विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करते हुए बेहतर मार्गदर्शन देने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने हाल में सफलतापूर्वक संपन्न अर्धवार्षिक परीक्षाओं के लिए शिक्षकों और शिक्षा विभाग की टीम की सराहना की। उन्होंने सरकारी विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम और कंप्यूटर लैब के प्रभावी उपयोग पर जोर देते हुए सभी आईसीटी शिक्षकों को व्यावहारिक प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया।

जिन विद्यालयों में किसी विषय के शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं, वहां अन्य विद्यालयों से शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति अथवा आवश्यक व्यवस्था करने को कहा गया। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए ‘Filo’ ऐप आधारित टू-वे लाइव इंटरएक्टिव डिजिटल क्लासरूम के माध्यम से ऑनलाइन पढ़ाई भी कराई जा रही है। इससे विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान और कमजोर विद्यार्थियों को अतिरिक्त सहयोग मिलेगा।

बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी अभय कुमार शील, जिला शिक्षा अधीक्षक खुशबू कुमारी, रविंद्र कुमार गुप्ता, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।