सड़क सुरक्षा पर सख्ती: अतिक्रमण हटाने और ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ लागू कराने का निर्देश

Spread the News

रामगढ़, 30 जुलाई: जिला समाहरणालय सभाकक्ष में शनिवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान जिले में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और शहर को जाम से मुक्त कराने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

बैठक में पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की बिंदुवार समीक्षा की गई। चुट्टूपालू घाटी में लगातार हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विशेष निगरानी और सुधारात्मक कदम उठाने पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने घाटी में लगाई गई लाइटों की नियमित कार्यशीलता की जांच करने, पर्याप्त संख्या में साइन बोर्ड लगाने और वाहनों की गति नियंत्रित करने के निर्देश दिए।

घाटी में ओवरस्पीडिंग पर प्रभावी रोक लगाने, हाईमास्ट लाइट लगाने, सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखने तथा ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने को कहा गया। अधिकारियों को दुर्घटना संभावित स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया।

बैठक में हिट एंड रन दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने मुआवजा प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का को हिट एंड रन के सभी लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि दुर्घटना प्रभावित परिवारों को समय पर राहत और मुआवजा मिल सके।

अवैध परिवहन और सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए जिले के विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया।

शहर में जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने प्रमुख सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़कों पर अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होता है और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। संबंधित अधिकारियों को अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने और यातायात को सुगम बनाने को कहा गया।

सड़क सुरक्षा को लेकर बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने और चालान काटने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ अभियान का अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती बरतने पर जोर दिया।

बैठक में जिले के वरीय पदाधिकारियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति के संबंधित सदस्यों की उपस्थिति रही।