राष्ट्रीय खेल दिवस पर रामगढ़ में खेल प्रतिभाओं ने दिखाया दमखम

Spread the News

फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल और क्रॉस कंट्री प्रतियोगिताओं के विजेता सम्मानित

रामगढ़, 30 अगस्त: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को सिदो-कान्हू स्टेडियम, रामगढ़ में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग तथा जिला प्रशासन के निर्देश पर आयोजित प्रतियोगिता में फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल और क्रॉस कंट्री के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम में रामगढ़ विधायक ममता देवी, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी और उपायुक्त ऋतुराज मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण और गुब्बारे छोड़कर की गई। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। विधायक ममता देवी ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करता है। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास कर जिले का नाम राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने की अपील की।

विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि झारखंड में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और उचित मंच उपलब्ध कराने की है। उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जिला प्रशासन ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाओं को संसाधन, प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

इस अवसर पर सिदो-कान्हू स्टेडियम में जिला स्तरीय खेल बैंक एवं आवासीय क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र का भी उद्घाटन किया गया।

प्रतियोगिताओं में बालक फुटबॉल में खेलो इंडिया सेंटर ने डे बोर्डिंग क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र को 3-2 से हराया। बालिका फुटबॉल में मांडू ने खेलो इंडिया प्रशिक्षण केंद्र को 1-0 से पराजित किया। वॉलीबॉल के बालक और बालिका दोनों वर्गों में पोचरा की टीम विजेता रही। कबड्डी में रजरप्पा प्रोजेक्ट ने खेलो इंडिया को हराया।

क्रॉस कंट्री बालक वर्ग में विमल कुमार प्रथम, विनोद कुमार द्वितीय और सचिन कुमार तृतीय रहे। बालिका वर्ग में मोनिका कुमारी प्रथम, मलिका कुमारी द्वितीय और आदिति कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।