5 जून को झारखंड आएंगे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, राज्यसभा चुनाव को लेकर बनेगी रणनीति

Spread the News

रांची, 29 मई : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 5 जून को दो दिवसीय दौरे पर झारखंड पहुंचेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला झारखंड दौरा होगा, जिसे राज्य की राजनीति और आगामी राज्यसभा चुनाव के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, रांची में भाजपा की कोर कमेटी, प्रदेश पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकें प्रस्तावित हैं। इन बैठकों में राज्यसभा चुनाव की रणनीति, संगठन विस्तार, विपक्ष की राजनीति और आगामी चुनावी तैयारियों पर चर्चा होगी। पार्टी नेतृत्व झारखंड में एनडीए को और मजबूत करने की दिशा में भी मंथन करेगा।

भाजपा के अंदरखाने में यह माना जा रहा है कि राज्यसभा चुनाव को लेकर पार्टी अभी से सक्रिय हो गई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन संगठनात्मक समीक्षा के साथ-साथ विधायकों और सहयोगी दलों के नेताओं से भी फीडबैक लेंगे। उनके दौरे के दौरान प्रदेश संगठन में कुछ अहम बदलावों और नई जिम्मेदारियों को लेकर भी चर्चा हो सकती है।

गौरतलब है कि बिहार की राजनीति से राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे नितिन नबीन को भाजपा ने हाल ही में राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन में उनकी सक्रियता और चुनावी रणनीति को देखते हुए पार्टी उन्हें पूर्वी भारत में भाजपा को मजबूत करने के मिशन में अहम भूमिका दे रही है।