रांची, 29 मई: झारखंड में बीएड, एमएड और बीपीएड पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा 31 मई को आयोजित की जाएगी। परीक्षा को लेकर झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार राज्यभर में बनाए गए 94 परीक्षा केंद्रों पर 45 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा का आयोजन राज्य के विभिन्न जिलों में किया जाएगा। रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, दुमका, हजारीबाग, पलामू और चाईबासा समेत कई शहरों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षार्थियों के लिए एडमिट कार्ड 27 मई से आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं।
पर्षद की ओर से बताया गया है कि परीक्षा शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त तरीके से कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। सभी केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी निगरानी और दंडाधिकारी की तैनाती की जाएगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचने का निर्देश दिया गया है।
अधिकारियों ने कहा है कि बिना एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, मोबाइल फोन और स्मार्ट वॉच जैसी वस्तुओं पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।